इलाहाबाद। जिले के लालापुर थानान्तर्गत भभौर गांव के समीप यमुना नदी में शनिवार की सुबह एक नाव पलटने से एक युवक की डूबने से मौत हो गयी जबकि मल्लाह व उसके पिता तैर कर बच निकले।
उक्त थाना क्षेत्र के पचवर गांव के निवासी मोहम्मद हाफिज 25 वर्ष की छह माह पूर्व शादी हुई थी। शनिवार की सुबह मोहम्मद हाफिज अपने पिता के साथ जंगल में लकड़ी काटने के लिए बोंगी नाव से जा रहा था। बाढ़ के चलते यमुना में बहाव तेज होने की वजह से नाव अचानक अनियंत्रित होकर पलट गयी जिससे नाविक व उसके पिता किसी तरह तैर कर बच निकले लेकिन मोहम्मद हाफिज गहरे पानी में समा गया। हालांकि आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी। सूचना पर स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे और गोताखोरों के सहयोग से उसका शव खोज निकाला। पुलिस ने शव का पंचनामा करके अन्त्य परीक्षण के लिए भेज दिया।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal