घर पर दसवीं की छात्रा और उसकी बड़ी बहन के साथ एक अनजान युवक था। फिर कुछ ऐसा हुआ कि अचानक छोटी बहन लापता हो गई और फिर बोरे में बंद उसका शव मिला। परिजनों के पूछने पर बड़ी बहन ने उसके आत्महत्या करने पर शव बोरे बंद कर मौजूद युवक के साथ तालाब किनारे फेंकने की जानकारी दी। इस बात के बाद संदेह के घेरे में आ चुकी बड़ी बहन से पुलिस ने कड़ी पूछताछ शुरू की और उसके साथ रहे अनजान युवक के बारे में पता लगा रही है।
थाना सिविल लाइन के अंतर्गत सरायं एसर गांव में श्याम सिंह शनिवार को घर में पुत्रियों पूजा व दसवीं की छात्रा रचना (15) को छोड़कर किसी काम से चला गया था। शाम को घर लौटा तो रचना नहीं मिली। उसके अचानक लापता होने पर श्याम सिंह ने तलाश शुरू की लेकिन रात तक कुछ पता नहीं चला। सुबह उसने बड़ी पुत्री पूजा से पूछताछ की तो उसने बताया कि रचना की लाश बोरे में बंद तालाब के किनारे पड़ी है। परिजन तालाब के किनारे पहुंचे तो रचना का शव मिल गया। श्याम सिंह की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
पुलिस की पूछताछ में पूजा ने बताया कि रचना ने शनिवार को घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय वह घर पर ही थी और उसके साथ एक और लड़का था। दोनों ने मिलकर शव को बोरे में बंद कर तालाब के किनारे फेंक दिया था। पूजा पर संदेह होने के बाद पुलिस ने उससे गहन पूछताछ शुरू की है और उसके मौजूद रहे लड़के की भी तलाश शुरू कर दी है। गांव में रहने वाला वह लड़का फरार है। वहीं ग्रामीणों ने दबी जुबान से रचना की हत्या की आशंका जताई है। एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी ने बताया कि मामला संदिग्ध लग रहा है, पुलिस पूजा से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो जाएगा। यदि हत्या की पुष्टि होती है तो जल्द ही मामले का पर्दाफाश किया जाएगा।
कौन था वो लड़का
गांव में रचना का शव मिलने के बाद तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, कुछ लोग हत्या की भी आशंका जता रहे हैं। ग्रामीणों के बीच प्रश्न उठ रहे हैं कि बड़ी बहन के घर में होने के बाद आखिर छोटी बहन ने आत्महत्या क्यों की। बड़ी बहन के साथ वो कौन लड़का किन परिस्थितियों में था। यदि छोटी बहन ने आत्महत्या कर ली थी तो फिर उसके शव को दोनों ने बोरे में बंद करके तालाब किनारे क्यों फेंका, परिजनों को क्यों नहीं बताया और उनके आने का इंतजार क्यों नहीं किया। वारदात के बाद से वो लड़का क्यों भाग गया है। पुलिस भी इन सभी बिंदुओं को लेकर घटना की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal