यूपी के औरैया जिले में सुभाष चौराहे के निकट नगर पालिका मार्केट में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के जिला कार्यालय का राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने फीता काटकर उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र में उनकी पार्टी के सहयोग से सरकार बनेगी। उन्होंने 2022 में उत्तर प्रदेश में सरकार बनाने का दावा किया।
शनिवार को पार्टी कार्यालय के उद्घाटन के बाद प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि उनकी पार्टी सभी वर्गों की पार्टी बन चुकी है। पार्टी तेजी से मजबूत हो रही है।
शिवपाल ने कहा कि 2019 में होने वाले चुनाव में केंद्र में जिस भी पार्टी की सरकार बनेगी, उसमें प्रगतिशील समाजवादी पार्टी का अहम योगदान होगा। एक सीट मुलायम सिंह यादव के लिए छोड़ी गई है।
शिवपाल यादव ने कहा कि बाकी 79 सीटों पर पार्टी पूरे दम खम से चुनाव लड़ेगी। 2022 में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी अपनी दम पर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।
उन्होंने कहा कि दो साल तक संबंध बनाने का प्रयास किया। सम्मान न मिलने पर पार्टी बनाने का निर्णय लेना पड़ा। उनकी पार्टी में सपा ही नहीं अन्य दलों के लोग भी शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके पार्टी बनाने से भारतीय जनता पार्टी को भी नुकसान उठाना पड़ेगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal