लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘मिशन शक्ति’ के अंतर्गत इस बार नवरात्रि में भव्य आयोजन किए जाएंगे। शारदीय नवरात्रि, जो 3 से 12 अक्टूबर, 2024 तक मनाई जाएगी, के तहत प्रदेश के देवी मंदिरों और शक्तिपीठों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति, मुकेश कुमार मेश्राम ने सभी जिलाधिकारियों और मंडलायुक्तों को इस संबंध में आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान संस्कृति विभाग द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। खासतौर पर अष्टमी और श्रीराम नवमी के अवसर पर प्रमुख शक्ति पीठ मंदिरों में सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों का प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
इस आयोजन में महिलाओं और बालिकाओं की भागीदारी को सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। जिलों में स्थानीय लोक कलाकारों, भजन मंडलियों और कीर्तन मंडलियों का चयन किया जाएगा। आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं का प्रबंधन जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा।
अखंड रामायण पाठ के आयोजन के माध्यम से आम जनता को जोड़ा जाएगा और इसके लिए स्थानीय स्तर पर समितियां गठित की जाएंगी। सभी कार्यक्रम मिशन शक्ति के अनुरूप जनसहभागिता के साथ आयोजित करने पर जोर दिया जाएगा।
यह पहल न केवल महिला सुरक्षा को प्रोत्साहित करेगी, बल्कि नवरात्रि के पावन अवसर पर संस्कृति और परंपरा को भी जीवित रखेगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal