“नगर निगम प्रयागराज ने स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त महाकुम्भ के लिए तेज़ी से अभियान शुरू किया। सीएम योगी के ग्रीन महाकुम्भ के संकल्प को साकार करने के लिए जागरूकता और सख्त इन्फोर्समेंट कार्यवाही।”
प्रयागराज। 2025 के महाकुम्भ को स्वच्छ और ग्रीन महाकुम्भ बनाने की दिशा में नगर निगम प्रयागराज ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर, नगर निगम ने ‘प्लास्टिक मुक्त प्रयागराज’ अभियान को तेज़ कर दिया है। इस अभियान का उद्देश्य महाकुम्भ क्षेत्र और पूरे शहर को प्लास्टिक मुक्त करना है, जिससे पर्यावरण की सुरक्षा हो सके और पूरे विश्व को स्वच्छ और हरित महाकुम्भ का संदेश मिले।
मुख्यमंत्री के ग्रीन महाकुम्भ अभियान का हिस्सा
सीएम योगी आदित्यनाथ ने महाकुम्भ को ‘ग्रीन महाकुम्भ’ बनाने का संकल्प लिया है। प्रयागराज नगर निगम, नगर आयुक्त सीएम गर्ग के नेतृत्व में शहर में जागरूकता फैलाने और सख्त कार्यवाही करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। 12-12 सदस्यीय दो जागरूकता और इन्फोर्समेंट टीमें पूरे शहर में काम कर रही हैं। इस अभियान में नगर निगम ने छह इन्फोर्समेंट व्हीकल्स भी तैनात किए हैं, जो प्लास्टिक के इस्तेमाल पर रोक लगाने के लिए काम कर रहे हैं।
सख्त कार्यवाही के साथ जागरूकता अभियान
नगर निगम प्रयागराज ने प्लास्टिक मुक्त प्रयागराज के लिए जागरूकता फैलाने के साथ-साथ सख्त कार्यवाही भी शुरू कर दी है। सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग करने वालों, गंदगी फैलाने वालों और नगर निगम के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इन्फोर्समेंट कार्यवाही की जा रही है। नियमों का उल्लंघन करने पर दुकानदारों से जुर्माना वसूला जा रहा है और प्लास्टिक सामग्रियों को जब्त किया जा रहा है।
पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा
नगर निगम नागरिकों और दुकानदारों को पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है। कुल्हड़, दोनें, पत्तल और कपड़े या जूट के थैलों का उपयोग बढ़ाने की अपील की जा रही है। नगर निगम ने इस दिशा में कड़ी पहल करते हुए अभियान में पुलिस की भी मदद ली है, ताकि प्लास्टिक से जुड़ी किसी भी समस्या को तेजी से सुलझाया जा सके।
यह भी पढ़ें : आलू से आएगी खुशहाली: निर्यात से यूपी के किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal