“कतर्नियाघाट के कोहली गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीण सहमे। सीसीटीवी में कैद हुई तेंदुए की चहलकदमी। वन विभाग से पिंजरा लगाने की मांग। तेंदुआ अब तक कई मवेशियों का शिकार कर चुका है।”
बहराइच।कतर्नियाघाट वन क्षेत्र के रमपुरवा के कोहली गांव में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। गुरुवार शाम को तेंदुआ गांव में घुस आया। ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए हाका लगाकर उसे खेतों के रास्ते जंगल की ओर खदेड़ दिया।
ग्रामीण गजमित्र पीर गुलाम के मुताबिक, तेंदुआ पिछले कुछ दिनों से गांव में सक्रिय है। वह अब तक कई मवेशियों का शिकार कर चुका है। हाल ही में राहुल पुत्र महादेव के घर के बाहर चहलकदमी करते तेंदुए की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की है। वन विभाग की गजमित्र और बाघमित्र टीम लगातार गश्त कर रही है। बावजूद इसके, ग्रामीण भयभीत हैं।
तेंदुए की यह ताजा तस्वीर सामने आने के बाद ग्रामीणों में चर्चाओं का दौर जारी है। इससे पहले कई सैलानियों ने जंगल के पास तेंदुए की तस्वीरें अपने कैमरों में कैद की थीं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal