“लखनऊ में 7335 अवैध झुग्गियों को तोड़ने की तैयारी। नगर निगम ने 110 वार्डों में सर्वे किया, जिसमें करीब 2 लाख बांग्लादेशियों के रहने का दावा किया गया। मेयर सुषमा खर्कवाल ने इसे लोकतंत्र और सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बताया।”
लखनऊ। लखनऊ नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से रह रहे करीब पौने 2 लाख बांग्लादेशियों पर सख्त कार्रवाई की योजना बनाई है। 110 वार्डों में हुए सर्वे में 7335 अवैध झुग्गियों की पहचान की गई है। इन झुग्गियों में रहने वाले 30 हजार से अधिक लोग कूड़ा उठाने और अन्य छोटे व्यवसायों में लगे हुए हैं।
मेयर का बयान: लोकतंत्र और सुरक्षा पर खतरा
लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि शहर में बढ़ती अवैध प्रवासी आबादी लोकतंत्र और देश की सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने कहा, “ये लोग पहले सफाई का काम करते थे, अब ठेला लगाकर सब्जियां बेच रहे हैं। दिन में सफाई और रात में चोरी करना इनका काम बन चुका है।”
झुग्गियों पर जल्द कार्रवाई
नगर निगम ने 7335 झुग्गियों की पहचान कर ली है और इन्हें तोड़ने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। साथ ही जिन लोगों ने इन प्रवासियों को रहने की जगह दी है, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह ने बताया कि सर्वे के दौरान कई चौराहों पर भीख मांगने वाले 2400 से अधिक लोग मिले हैं। जिला प्रशासन के साथ मिलकर इन्हें जागरूक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को पीएम आवास योजना के तहत रिहैबिलिटेशन की सुविधा दी जाएगी।
कूड़ा कलेक्शन को लेकर नई पहल
नगर आयुक्त ने कहा कि झुग्गियों से जुड़े कूड़ा कलेक्शन को रेगुलाइज किया जाएगा। इसके लिए टोल फ्री नंबर जारी होगा।
अवैध प्रवासियों के खिलाफ अभियान की शुरुआत
इस अभियान की शुरुआत मंगलवार सुबह 9 बजे नगराम क्षेत्र से होगी।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।
विशेष संवाददाता – मनोज शुक्ल
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal