लखनऊ। राजधानी के गोसाईगंज थाना में समाधान दिवस पर एसओ संजीवकांत मिश्र ने लेखपाल से अभद्रता कर दी। इससे नाराज लेखपालों ने समाधान दिवस का बहिष्कार कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इसके बाद थाने पहुंचे लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष सुशील शुक्ला ने थाने में प्रदर्शन कर एसओ की जमकर खिंचाई की। गोसाईंगंज में शनिवार को समाधान दिवस चल रहा था। इस दौरान सलेमपुर के लेखपाल राम चंद्र गुप्ता ने एसओ से शिकायत की कि थाने के एक दरोगा ने उसे गाली दी। इस पर दारोगा के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय एसओ ने लेखपाल को ही भला बुरा कहना शुरू कर दिया। एसओ ने लेखपाल पर रिश्वत खोरी का आरोप लगा दिया। इस बात पर लेखपालों में गुस्सा गए। इसके बाद लेखपाल समाधान दिवस का बहिष्कार कर अलग बैठ गए। इसकी सूचना संघ के पदाधिकारियों को दी। थोड़ी ही देर में जिलाध्यक्ष सुशील शुक्ला व तहसील अध्यक्ष संजय शुक्ला सहित कई दर्जन लेखपाल थाने पहुंच गए। इन लोगों ने थाने में जमकर हो प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। लेखपालों ने एसओ को भी भला बुरा कहा। चेतावनी दी कि अगर एसओ ने अपना रवैया नहीं बदला तो अनिश्चित कालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद एडीएम प्रशासन राजेश पाण्डे से संघ के जिलाध्यक्ष की फोन पर वार्ता हुई। जिलाध्यक्ष ने कहा की गोसाईंगंज पुलिस जमीन के पैमाइश के मामलों में बेवजह हस्तक्षेप करती है। गोसाईगंज थाने की पुलिस प्रॉपर्टी डीलिंग का धंधा चला रही है। इस मामले में एसओ संजीवकांत मिश्रा का कहना था कि कोई बड़ा मामला नहीं था। बातचीत के जरिए मामला निपट गया था।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal