नई दिल्ली। दिल्ली महिला कांग्रेस ने पूर्व महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार के सेक्स स्कैंडल मामले को लेकर गुरूवार को आप मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केजरीवाल पर भ्रष्टाचारियों और महिला उत्पीडकों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए उनका पुतला जलाया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष शोभा ओझा ने कहा कि उच्च नैतिकता का दावा करने वाली पार्टी के 3 कैबिनेट मंत्रियों को भ्रष्टाचार, फर्जी डिग्री और सेक्स स्कैंडल के कारण बर्खास्त किया गया और 6 विधायकों पर महिला उत्पीडन का आरोप है।
प्रदर्शन में एआईएमसी महासचिव व प्रभारी दिल्ली प्रदेश महिला कांग्रेस नीता डिसूजा, दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष बरखा सिंह, प्रवक्ता शर्मिष्ठाा मुखर्जी सहित दिल्ली महिला कांग्रेस की सैकडों कार्यकर्ता मौजूद थीं। प्रदर्शन से अलग कांग्रेस नेता अजय माकन ने इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि केजरीवाल सरकार के मंत्री और विधायक ऐसे ही हैं, उनसे और क्या उम्मीद है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल ऐसे मंत्रियों को पार्टी से क्यों नहीं निकालते।
उल्लेखनीय है कि सुलतान पुर माजरा विधानसभा से विधायक और कैबिनेट मंत्री रहे संदीप कुमार एक सीडी में दो महिलाओं के साथ आपत्तिजनक अवस्था में दिखाई दिए। इस मामले के संज्ञान में आने पर मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उन्हें पद से हटा दिया लेकिन विपक्ष उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की मांग कर रहा है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal