कुशीनगर । पड़रौना राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के परिसर में उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन एवं राजकीय आईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में आज एक दिवसीय रोजगार मेले में विभिन्न उद्यमी कंपनियों द्वारा विभिन्न पदों हेतु 104 युवाओं का चयन किया गया । कार्यक्रम के मुख्य अतिथि फूलबदन कुशवाहा ( सदस्य, राज्य पिछड़ा आयोग ) ने फीता काटकर रोजगार मेले का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने राजकीय आईटीआई परिसर में वृक्षारोपण भी किया।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने रोजगार मेले को “रोजगार आपके द्वार” की सार्थक पहल बताते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अधिक से अधिक युवाओं से ऐसे रोजगार मेलों का लाभ उठाने का आह्वान किया। रोजगार मेले में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। मेले में कुल 8 प्रतिष्ठित नियोक्ता कंपनियों ने भाग लिया, जिनमें फ्लुएन्ट ग्रीड (मीटर रीडर), भारत फोर्स मोटर्स प्रा.लि., महिन्द्रा एण्ड महिन्द्रा प्रा.लि., एमआरएफ प्रा.लि., टाटा क्यूमिन्स प्रा.लि., टीडीके प्रा.लि., लेनोवो ग्रुप ऑफ कम्पनीज तथा स्वतंत्र फीन लिमिटेड शामिल रहीं। रोजगार मेले में कुल 315 अभ्यर्थियों ने विभिन्न कंपनियों के लिए साक्षात्कार में भाग लिया। साक्षात्कार के उपरांत 104 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न कंपनियों में रोजगार हेतु किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को दस हजार रुपये ( ₹10,000 ) से लेकर पच्चीस हजार रुपये ( ₹25,000 ) तक मासिक वेतन प्राप्त होगा।
इस अवसर पर कौशल विकास मिशन के नोडल प्रधानाचार्य एवं जिला समन्वयक आलोक कुमार मौर्य, जिला कौशल प्रबंधक अभय श्रीवास्तव, जिला कार्यक्रम प्रबंधक विनय पाण्डेय, आर्यन श्रीवास्तव, बीपीएम एवं मेला प्रभारी मुकुल कुमार सहित समस्त अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।



