कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अजय लल्लू के नेतृत्व में 40 किमी पैदल मार्च कर कलेक्ट्रेट पर पहुंचे हुए थे सैकड़ों कांग्रेसी
कुशीनगर । इस जिले के विभिन्न गांवों में वर्ष 1994 में भूमिहीन, मुसहर, पिछड़ा वर्ग , अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के सैकड़ों लोगों को पट्टे पर आवंटित कृषि भूमि पर अवैध कब्जा हटाकर वास्तविक पट्टाधारकों को कब्जा दिलाने की मांग को लेकर सेवरही के विधायक रह चुके कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में जौरा बाजार से 40 की पदयात्रा कर आज जिला मुख्यालय रविन्द्रनगर धूस पहुंचे कांग्रेसियों एवं पट्टाधारकों ने कलेक्ट्रेट पर धरना – प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन में मुख्य रूप से फाजिलनगर विकास खण्ड के रहसू जनोबी पट्टी, सरैया महंत पट्टी, कनौरा, धुनवलिया एवं मधुरिया आदि गांवों के पट्टाधारक गरीब परिवारों को न्याय दिलाने की मांग की गई, जिन्हें तीन दशक पहले पट्टा आवंटित होने के बावजूद आज तक संबंधित भूमि पर वास्तविक कब्जा प्राप्त नहीं हो सका है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि यह मामला केवल जमीन का नहीं, बल्कि गरीब, भूमिहीन और वंचित परिवारों के सम्मान, अधिकार और न्याय से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण को मानवीय संवेदना के आधार पर देखा जाना चाहिए। रहसू जनोबी पट्टी, सरैया महंत पट्टी, कनौरा, धुनवलिया और मधुरिया जैसे गांवों के सैकड़ों गरीब परिवार वर्षों से न्याय की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उनके साथ हुआ यह अन्याय तंत्र पर सवाल खड़ा करता है, क्योंकि न्याय में देरी का अर्थ न्याय से वंचित करना होता है। श्री लल्लू ने जोर देकर कहा कि यदि इन प्रभावित ग्रामों के पट्टाधारकों के मामले का शीघ्र एवं न्यायपूर्ण निस्तारण नहीं किया गया, और हाल ही में पट्टाधारकों पर दर्ज की गई एफआईआर (थाना-चौरा खास, एफआईआर नंबर 89/2026) को वापस नहीं लिया गया, तो गरीबों को उनका अधिकार दिलाने की लड़ाई तेज की जाएगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद जिलाधिकारी ने श्री लल्लू एवं उनके साथ रहे लोगों को आश्वस्त किया कि यह एक न्यायिक एवं संवेदनशील मामला है। उन्होंने तत्काल प्रभाव से राजस्व विभाग और अपनी विधिक टीम (लीगल टीम) को इन सभी गांवों के मामलों की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि जांच रिपोर्ट के आधार पर तीन दिनों के भीतर आवश्यक विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ितों को हर हाल में न्याय मिलेगा।
इस धरना – प्रदर्शन में कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राधे विश्वकर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज सिंह, अविनाश गोंड, ऋषिकेश कुशवाहा, जहीरूद्दीन, पलटन यादव, तारकेश्वर सिंह, देश दीपक मिश्रा, गोरख यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं उक्त प्रभावित ग्रामों के पट्टाधारक शरीक रहे।



