सेवरही में झपटमारी की घटना का खुलासा, दो शातिर गिरफ्तार: लूटा गया सोने का लॉकेट और बाइक बरामद

सेवरही, कुशीनगर। सेवरही थाना क्षेत्र में हुई झपटमारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मंगलवार को तमकुहीराज सीओ जयंत यादव ने बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लूटा गया सामान और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

सीओ जयंत यादव ने बताया कि कुशीनगर के पुलिस अधीक्षक केशव कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के निर्देश पर इस मामले को सुलझाने के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई थीं। टीमों ने घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की और लगातार कोशिश के बाद आरोपियों तक पहुंची। जांच में मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया।

सेवरही थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 232/2026, धारा 318(4), 303(2), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत पुलिस ने राधे श्याम पांडेय (उम्र 35 वर्ष, पिता स्व. हेमंत पांडेय) और ध्रुव पांडेय (उम्र करीब 55 वर्ष, पिता स्व. नंद कुमार पांडेय) को गिरफ्तार किया। ये दोनों अजय नगर, बभनौली, थाना सेवरही, जनपद कुशीनगर के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को 7 सितंबर 2026 की रात 11:31 बजे पकड़ियार पश्चिम टोला से पकड़ा गया। उनके पास से घटना में लूटा गया एक सोने का लॉकेट और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल (नंबर UP57BU7570) भी बरामद हुई है।

आरोपियों को पकड़ने और सामान जब्त करने का काम सेवरही थाना पुलिस टीम ने किया। इस टीम में थानाध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक राम सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा अनिल कुमार शर्मा, कांस्टेबल किशन सिंह और कांस्टेबल आदित्य प्रताप सिंह शामिल थे। सीओ ने बताया कि पुलिस ने घटना के हर पहलू की बारीकी से जांच की और टीमों की संयुक्त कोशिश से यह मामला सुलझ पाया। पकड़े गए दोनों आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के बाद कोर्ट भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button