नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे 36वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2016 में आज हरियाणा की शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन पहुंची। उन्होंने व्यापार मेले का भ्रमण करते हुए हरियाणा पेवेलियन का अवलोकन किया।
श्रीमती जैन ने कहा कि इस बार व्यापार मेला का मुख्य थीम डिजिटल इण्डिया है और हरियाणा इस मेले का फोकस राज्य है। डिजिटल सेवाओं को विस्तार देते हुए हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनेक सुधार किए हैं। गांव-गांव खोले जा रहे ग्राम सचिवालयों को इंटरनेट के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। इन सचिवालयों में आईटी के जरिए लोगों को 117 सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही इन सेवाओं में विस्तार होगा। डिजिटल सेवाओं के जरिए ई-रजिस्ट्रेशन, कार्यालयों बायोमीट्रिक एटेंडेंस, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में बायोमीट्रिक सिस्टम आदि से पारदर्शिता बढ़ी है। हरियाणा पेवेलियन में आने वाले विजिटर्स को राज्य के विभिन्न विभागों की ओर से दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री ने हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं व कार्यक्रमों की प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। हरियाणा पेवेलियन में विभिन्न सहकारी, शिक्षण, सरकारी व गैरसरकारी संस्थाओं व दस्तकारों के स्टाल पर भी मंत्री पहुंची। उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग की स्टॉल पर जाकर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ संकल्प पत्र पर भी हस्ताक्षर किए। पेवेलियन का अवलोकन उपरांत उन्होंने विजिटर बुक पर भी अपने अनुभव दर्ज किए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal