नई दिल्ली। रेलवे की पहली ‘HUMSAFAR’ एक्सप्रेस ट्रेन आज से शुरू हो गई है। इस ट्रेन में कई सुविधाएं होंगी। किराया भी दूसरी ट्रेनों से अधिक होगा।
इन ट्रेनों में फ्लेक्सी फेयर सिस्टम लागू होगा। जैसे-जैसे सीटें कम बचेंगी किराया बढ़ता जाएगा। इस ट्रेन में सभी कोच AC-3 होंगे। पहली ट्रेन गोरखपुर से आनंद विहार के आज शाम को 4 बजे रवाना हो गई है।
रेलवे मिनिस्टर सुरेश प्रभु गोरखपुर से आनंद विहार के बीच चलने वाली पहली ‘HUMSAFAR’ ट्रेन को यहां वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हरी झंडी दिखाई और रवाना किया।
हमसफर के एक कोच की लागत 2.6 करोड़ रुपए है। इस Train के हर केबिन में कॉफी/टी/सूप वेंडिंग मशीन और हॉट व रेफ्रिजरेटेड पेंट्री साथ ही कई और फैसेलिटी होंगी। इसमें CCTV, GPS बेस्ट पैसेंजर इन्फार्मेशन सिस्टम, फायर और स्मोक डिटेक्शन और सुपरविजन सिस्टम भी हैं।
नॉर्मल मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में AC-3 का बेस फेयर 960 रुपए लगता है। लेकिन ‘HUMSAFAR’ ट्रेन में शुरुआती 50% सीटों पर बेस फेयर 1104 रुपए होगा। 50% सीटों की बुकिंग के बाद बेस फेयर में 10% का इजाफा होगा और कुल किराया बढ़कर 1214 रुपए हो जाएगा। आखिरी 10% सीटों पर यह किराया बढ़ते हुए 1656 रुपए तक पहुंचेगा। दूसरे चार्ज जैसे- रिजर्वेशन चार्ज, सुपरफास्ट चार्ज, सर्विस टैक्स अलग से लगाए जाएंगे। खाना या बेड रोल बुक करवाने पर अलग से पेमेंट करना होगा।
गोरखपुर-आनंद विहार के बीच चलने वाली हमसफर ट्रेनों के दो रूट रखे गए हैं। 12595 मंगलवार व बृहस्पतिवार को गोरखपुर से शाम 8 बजे चलेगी और बुधवार व बृहस्पतिवार को सुबह 8:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। दूसरी ओर 12596 आनंद विहार से बुधवार व शुक्रवार को शाम 8 बजे चलकर बृहस्पतिवार व शनिवार को सुबह 8:30 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
गोरखपुर व आनंद विहार के बीच चलने वाली दूसरी हमसफर ट्रेन (12571 व 12572) बढ़नी, गोंडा रूट से होकर चलेगी। इसके दिन व समय भी अलग हैं। यह गोरखपुर से रविवार को शाम 7 बजे चलेगी व सोमवार को सुबह 8.50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी ट्रेन सोमवार शाम 8 बजे आनंद विहार से चलेगी और मंगलवार सुबह 9:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal