लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने आधी अधूरी योजनाओं के लोकार्पण को सपा का प्रचार स्टंट करार देते हुए कहा कि भाजपा की लोकप्रियता और सपा सरकार की अलोकप्रियता से डरी सरकार ने लोकार्पण कार्यक्रमों को ही अपना मुख्य एजेण्डा बनाया है। चुनाव घोषणा होने के भय से ही ऐसी योजनाओं के भी लोकार्पण होने जा रहे हैं।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता हृदय नारायण दीक्षित ने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार की चक गंजरिया में आईटी हब, लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे, मेट्रो रेल और जेपी इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर अधूरी योजनाएं है। गोमती रिवर फ्रंट अधूरा है। इससे बैराज ढहने का खतरा पैदा हो गया है। ऐसे लोकार्पण हास्यास्पद है। चुनाव आयोग को ऐसे लोकार्पणों का संज्ञान लेना चाहिए।
दीक्षित ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। लोकार्पण कार्यक्रम ध्वस्त कानून व्यवस्था से जनता का ध्यान हटाने के लिए ही किये जा रहे है। विदा होती सरकार स्वयं को विकास से जोड़कर दिखाना चाहती है। जबकि इस सरकार के राज में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। हत्या, बलात्कार और लूट के कारण जनता त्रस्त है।
उन्होंने पुलिस के राजनैतिकरण का आरोप भी लगाया और कहा कि रामपुर के एसपी ने एक वरिष्ठ मंत्री को जिताने की सार्वजनिक अपील की है। राज्य पुलिस विरोधी दल के कार्यकर्ताओं को सता रही है। फर्जी मुकदमें दर्ज किये जा रहे है। सपा राज में घोर अराजकता है। चुनाव में जनता अराजकता का बदला लेगी। लोकार्पण से कुछ नहीं होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal