नई दिल्ली। विमान ईंधन के दामों में 8.6 % की भारी वृद्धि की जबकि सबसिडी वाले रसोई गैस सिलैंडर के दाम 2 रुपए बढ़ाए गए हैं। यह 7 महीने में LPG कीमतों में 8वीं वृद्धि है।
दिल्ली में ATF के दाम 4,161 रुपए प्रति किलोलीटर या 8.6 % बढ़ाकर 52,540.63 रुपए प्रति किलोलीटर किए गए हैं। इससे पिछले महीने विमान ईंधन के दाम 3.7 % घटाए गए थे।
सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों के अनुसार इसी तरह सबसिडी वाले 14.2 किलोग्राम के रसोई गैस सिलैंडर का दाम 2 रुपए बढ़ाकर 432.71 से 434.71 रुपए किया गया है। यह जुलाई से रसोई गैस सिलैंडर कीमतों में 8वीं वृद्धि है। उस समय सरकर ने सबसिडी को समाप्त करने के लिए सबसिडी वाले सिलैंडर के दाम में हर महीने 2 रुपए की बढ़ौतरी का फैसला किया था।
एक दिसंबर को LPG के दाम 2.07 रुपए प्रति सिलैंडर बढ़ाए गए थे। मिट्टी के तेल के मामले में सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र की पैट्रोलियम कंपनियों को 10 महीने तक प्रत्येक पखवाड़े 25 पैसे लीटर वृद्धि की अनुमति दी है। जुलाई से केरोसिन कीमतों में यह 10वीं वृद्धि है। बाजार मूल्य पर बिकने वाले यानी बिना सबसिडी वाले रसोई गैस सिलैंडर का दाम एक रुपए बढ़ाकर 585 रुपए किया गया है। एक दिसंबर को इसके दाम 54.5 रुपए प्रति सिलैंडर बढ़ाए गए थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal