लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमों मायावती पर जोरदार हमला करते हुए कहा कि बहन जी ने राजनीति को व्यापार बना लिया है और इस व्यापार में जातियों का बेसवोट बताकर मजहब की सौदेबाजी कर रही है।
उन्होंने कहा कि बहन जी द्वारा मजहब आधारित अपील करना आदर्श आचार संहित का उल्लघन है। वह सर्वोच्च न्यायालय के ताजे निर्देश का भी उल्लंघन कर रही हैं। वह बसपा के अस्तित्व की लड़ाई के अंतिम दौर में हैं।
मौर्य ने कहा कि बहन जी चुनाव से डरी हुई है। वह संभावित पराजय से घबराई हुई हैं। सपा और बसपा की सरकारों ने प्रदेश लूटा है। सपा सरकार में घोर अराजकता, अपराधों में वृद्धि, महिला उत्पीड़न और भ्रष्टाचार का नंगनाच हुआ है। बसपा सरकार में भी अपराध तथा संस्थागत भ्रष्टाचार का बोल बाला रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष ने सवाल किया कि सपा सरकार के पांच वर्ष तक मायावती सूबे की ध्वस्त कानून व्यवस्था पर खामोश क्यों रही? दलित बस्तियों पर सपा समर्थित अराजक तत्वों के आतंक के बाद भी बहन जी यूपी नहीं आई और न कुछ बोली। जबकि भाजपा अत्याचार और उत्पीड़न के विरूद्ध लगातार आवाज उठाती रही, भाजपा सपा-बसपा सरकार के हर जोर जुल्म के खिलाफ न्याय के लिए आवाज बुलन्द की है तथा सड़कों पर उतरी है भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिस की बर्बर लाठियां खाई है और जेल गये हैं।
मौर्य ने कहा कि भाजपा सबको साथ लेकर सबके विकास की राजनीति करती है और इसका प्रमाण भाजपा शासित राज्य हैं। जनता भाजपा को जिताने का मन बना चुकी है। बहन जी को यह बात पता है इसी बौखालाहट में वह ऐसे बयान दे रही हैं। जनता बसपा के हर दांव को चित करने के लिए तैयार है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal