नई दिल्ली। राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान मंत्रियों के नदारद होने पर सभापति हामिद अंसारी ने नाराजगी जतायी वहीं विपक्ष ने सरकार से चुटकी ली है।
दरअसल सोमवार को राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान जब कई मंत्री अपने मंत्रालय से जुड़े पूरक सवालों का जवाब देने के लिए सदन में मौजूद नहीं थे। इस स्थिति में प्रश्नकाल में केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री संजीव बालियान ने जल संसाधन और नदी विकास मंत्रालय से जुड़े पूरक सवालों का जवाब दिया।
वहीं प्रश्न संख्या 188 यमुना जल टैक्सी परियोजना से जुड़ा था जो पोत परिवहन मंत्रालय के सवाल के दौरान भी सदन में संबंधित मंत्री मौजूद नहीं थे और न ही वह सदस्य मौजूद थे जिनका प्रश्न था।
अंसारी ने इस स्थिति को असाधारण स्थिति बताया। इसके बाद अंसारी ने अगला प्रश्न (संख्या 189) पूछने को कहा जो पर्यावरण मंत्रालय से जुड़ा था। लेकिन इस बार भी सवाल का जवाब देने के लिए सरकार की ओर से कोई मंत्री मौजूद नहीं था। इतना ही नहीं प्रश्न संख्या 190 बिजली मंत्रालय का था और इसमें भी यही स्थिति रही।
इस दौरान कांग्रेस के कुछ सदस्यों ने सदन में किसी कैबिनेट मंत्री के नहीं होने का जिक्र किया और सरकार पर निशाना साधा। उस समय निर्मला सीतारमण, रामकृपाल यादव और संजीव बालियान ही आगे की सीटों पर बैठे दिखे। जिसके बाद सभापति ने अप्रसन्नता जताते हुए कहा कि यह बहुत अच्छी स्थिति नहीं है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal