लखनऊ। लखनऊ में CM अखिलेश यादव के समर्थकों ने सपा मुख्यालय का घेराव किया। समर्थकों ने शिवपाल यादव के कमरे के बाहर लगी नाम-पट्टिका को भी जबरन हटा दिया।
अखिलेश द्वारा बनाए गए नए प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम अपने समर्थकों के साथ सपा के कार्यालय पहुंचे। उसपर कब्जा कर लिया है। लखनऊ में अधिवेशन के दौरान रामगोपाल ने शिवपाल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया था।
इससे पूर्व महासचिव रामगोपाल यादव द्वारा बुलाए गए आकस्मिक राष्ट्रीय अधिवेशन में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के सपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद मुलायम सिंह ने अधिवेशन को असंवैधानिक करार दिया। रामगोपाल यादव को फिर 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया।
मुलायम की ओर से जारी किए गए पत्र में कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित पार्टी का तथाकथित आपातकालीन राष्ट्रीय प्रतिनिधि सम्मेलन संवैधानिक नहीं है। यह सम्मेलन राष्ट्रीय अध्यक्ष की अनुमति के बिना बुलाया गया। इसमें पारित सभी प्रस्ताव और निर्णय वैध नहीं हैं।
संसदीय बोर्ड अधिवेशन की संपूर्ण कार्यवाही को असंवैधानिक घोषित करते हुए इसकी निन्दा करता है। इसके कर्ताधर्ता रामगोपाल को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासन की पुष्टि करता है। पत्र में आगे कहा गया है कि संसदीय बोर्ड यह निर्णय भी करता है कि पार्टी का आकस्मिक राष्ट्रीय अधिवेशन 5 जनवरी 2017 को जनेश्वर मिश्र पार्क में आयोजित किया जाए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal