लखनऊ। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने बताया है कि भाजपा द्वारा परिवर्तन रैली के बहाने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) के कुछ हजार कार्यकर्ताओं का जमावड़ा कर असत्य की अनन्तधारा को ही प्रवाहित किया गया है।
इस रैली में न किसान और नही कोई गरीब था। भाजपा झूठ और अफवाहबाजी के बल पर एक बार 2014 में उत्तर प्रदेश की जनता को बहकावे में सफल हो गई थी लेकिन अब उनकी काठ की हांडी दुबारा चढ़ने वाली नही है।
श्री चौधरी ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में कहा है कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी सरकार ने विकास के जो शानदार काम किये हैं उनकी अनदेखी कर प्रधानमंत्री भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं गृहमंत्री ने प्रदेश की जनता की अवमानना की है। उन्हें न तो जनादेश की परवाह है और न ही लोकतंत्र में लोकलाज की मर्यादा का ख्याल हैं।
समाजवादी सरकार ने समाजवादी पेंशन, एक्सप्रेस वे, मेट्रो रेल के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किये हैं।
भाजपा को झूठ का व्यापार करते कोई संकोच नही है। नोटबन्दी से हजारों घर तबाह हो गए, सौ से ज्यादा लोगो ने आत्महत्या कर ली, किसान की आलू,धान की फसलें नोटबन्दी के कारण प्रभावित है।
उत्तर प्रदेश के किसानों की केन्द्र द्वारा उपेक्षा का हाल यह है कि वहाँ राज्य सरकार ने तीन बार राजकोष से गन्ना किसानों की मदद की है वहीं नीति आयोग ने तो 9000 करोड़ रुपये का राज्यांश ही कम कर दिया है। वाराणसी में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति राज्य सरकार दे रही है। भाजपा नेता सिर्फ अपने भाषणों से बिजली उत्पादन करना चाहते हैं।
जनता के साथ भाजपाई कैसा मजाक करते हैं इसका एक नमूना तो तब दिखा जब भाजपा के बड़े नेता ओम माथुर ने मोबाइल से लाइट करने का आह्वान किया लेकिन उनके कार्यकर्ता इसे नही चला सकें। यह तो डिजिटल इंडिया की कहानी है जिसका बड़ा ढिंढोरा पीटा जाता है।
प्रदेश की जनता को बार-बार कल्याण सिंह और राजनाथ सिंह के गुजरे जमाने की याद दिलाने वाले भूले नही कि भाजपा राज में ही बाबरी मस्जिद तोड़ी गई थी और धर्म निरपेक्षता के साथ खिलवाड़ हुआ था।
अच्छा होता, भाजपा नेता अपने अतीत में झांककर देखते कि बसपा भाजपा ने किस कदर प्रदेश के विकास को चौपट किया है और गरीबी, बेकारी से पीड़ितों को तबाह किया है।
मुख्यमंत्री प्रदेश को पिछड़ेपन से बाहर निकालकर उत्तम प्रदेश बनाने को प्रतिबद्ध है तो विपक्षी और खासकर भाजपाई तमाम तरह की साजिशें करके और सांप्रदायिकता फैलाकर जन आकांक्षाओं से दगा कर रहे हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal