लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी सांसद व गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था का हवाला देते हुए कहा कि अगर यहां भाजपा की सरकार होती तो कैराना जैसी घटनाएं नहीं घटती।
मुजफ्फरनगर में साम्प्रदायिक दंगे नहीं होते। बरेली में हिन्दुओं पर हमले नहीं होते।
लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में वह सोमवार को आयोजित भाजपा की परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रहे योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में अराजकता की स्थिति है।
प्रदेश का आमजन सुरक्षित नहीं है। प्रदेश को अराजकता से मुक्त कराकर उत्तर प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनानी है।
उन्होंने कहा कि आज युवाओं के सामने पहचान का संकट है।देश दुनिया में अपने पुरूषार्थ के बल पर सब कुछ हासिल कर लेने की क्षमता वाले युवा अपनी पहचान के मोहताज हैं।
योगी आदित्यनाथ ने भाजपा कार्यकर्ताओं को सचेत करते हुए कहा कि आज सपा की नूराकुश्ती में पड़ने की जरूरत नहीं है। हमको आज गांव-गांव घर-घर जाकर सपा के कुशासन की पोल खोलनी होगी और मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं को बताना होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal