लखनऊ। केन्द्रीय जल संसाधन मंत्री साध्वी उमा भारती ने बसपा प्रमुख मायावती को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि नोटबंदी से मायावती सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि वह नोटों की हार पहनती थी।
इसलिए उन्हें ज्यादा चिंता है। वह रमाबाई अम्बेडकर मैदान में भाजपा द्वारा सोमवार को आयोजित परिवर्तन महारैली को संबोधित कर रही थी।
रैली को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि उत्तर प्रदेश से सपा की जड़ें उखड़ चुकी हैं। जनता ने परिवर्तन का मन बना लिया है। अब हर हाल में उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने परिवर्तन महारैली को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश से लूट-घसोट और भ्रष्टाचार रूपी सपा सरकार को उखाड़ फेंकना है।
नोटबंदी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि देश से भ्रष्टाचार रूपी कैंसर को ठीक करना है तो इसके लिए कड़ुवी दवा खानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि देश से जाली नोटों के खात्मे के लिए, भ्रष्टाचार के खात्मे के लिए नोटबंदी जरूरी थी।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि जिस कांग्रेस की सरकार में केवल घोटाला ही घोटाला हुआ ऐसे लोग भी मोदी के इस ऐतिहासकि फैसले पर अंगुली उठा रहे हैं।
वहीं केन्द्रीय मंत्री कृष्णा राज ने कहा कि उत्तर प्रदेश को बारी-बारी से लूटने का काम सपा-बसपा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता ने इस बार कमल खिलाना तय कर लिया है। जिस प्रकार 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को विजय मिली है। उसी प्रकार विधानसभा की सभी सीटों पर इस बार कमल खिलाना है।
लखनऊ कैन्ट की विधायक डा. रीता बहुगुणा जोशी ने परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए कहा कि हमें उत्तर प्रदेश से भ्रष्टाचार और गुण्डाराज को समाप्त करना है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोगों को भरोसा है कि देश की सूरत अगर कोई बदल सकता है तो वह केवल मोदी ही बदल सकते हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal