लखनऊ। प्रदेश के किसानों को नई तकनीकों से परिचित कराने और खेती में आधुनिकता को बढ़ावा देने के लिए अमर उजाला ने एक अनूठी पहल की है।
कृषिका खेती से समृद्धि की ओर कार्यक्रम का आयोजन लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में किया जा रहा है। कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री इस अवसर पर किसानों को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनने का मंत्र देंगे। साथ ही, बेहतर खेती के लिए प्रदेश के अलग-अलग जिलों से चयनित 50 से अधिक किसानों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सीएम योगी किसानों की सफलता की कहानियां सुनेंगे और उन्हें प्रेरित करेंगे।
कार्यक्रम में शामिल होंगे विशिष्ट अतिथि
कार्यक्रम में पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, और गो सेवा आयोग के अध्यक्ष श्याम बिहारी गुप्ता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके साथ ही, आचार्य नरेंद्र देव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. बिजेंद्र सिंह, चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डॉ. आनंद कुमार, और राज्य कृषि अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉ. संजय सिंह भी अपने विचार साझा करेंगे।
खेती की उन्नति पर होगी चर्चा
इस कार्यक्रम में प्राकृतिक खेती, गौ आधारित खेती, पराली प्रबंधन, औद्यानिक खेती, विपणन, और विदेश व्यापार को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा होगी। कृषि क्षेत्र में स्टार्टअप शुरू करने और सावधानियों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे। सीमैप के विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार औषधीय खेती की तकनीक पर प्रकाश डालेंगे।
कृषि तकनीक और उत्पादों का प्रदर्शन
कार्यक्रम के तहत कृषि तकनीक और उत्पादों से संबंधित स्टाल लगाए जाएंगे। मुख्यमंत्री और अन्य मंत्री इन स्टालों का निरीक्षण करेंगे और किसानों का उत्साह बढ़ाएंगे। इन स्टालों के माध्यम से किसानों को नई तकनीक और उत्पादों की जानकारी दी जाएगी, जिससे उनकी खेती और उत्पादकता में सुधार हो सके।
यह पहल किसानों के लिए नए अवसरों और संभावनाओं का द्वार खोलेगी और खेती को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper,  E-Paper & News Portal