देहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बुधवार को भाजपा की परिवर्तन रैली को संबोधित करते हुए जनता से उत्तराखंड की कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि देवभूमि का गौरव लौटाने के लिए इस प्रदेश में परिवर्तन जरुरी है। उन्होंने वर्तमान प्रदेश सरकार को भ्रष्टाचारी बताते हुए कहा कि इस सरकार को बदलना होगा।
एमबी इंटर कॉलेज ग्राउंड में भाजपा की परिवर्तन रैली के समापन के मौके पर उन्होंने कहा कि आज कुमाऊं में परिवर्तन यात्रा समाप्त होने जा रही है।
यहीं से परिवर्तन की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि एक दल की सरकार जाए दूसरे की आय यह परिवर्तन नहीं है। परिवर्तन तो देवभूमि का गौरव लौटाना है जो भाजपा करेगी।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आज जो हुक्मराम बैठे हैं वह यहां अलग उत्तराखंड नहीं बल्कि केंद्र शासित राज्य चाहते थे। तब अटल जी ने नया राज्य दिया। शाह ने कहा कि तब यह कल्पना नहीं थी कि कोई सीएम खनन माफिया से सौदा करे। अब उत्तराखंड को बदलने का समय आ गया है।
देश में ढाई साल से मोदी सरकार पर एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक करके हमने दिखाया। आज देश की जनता को मोदी पर पूरा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा में अपार जनसमर्थन मिल रहा है हम दो तिहाई बहुमत से उत्तराखंड में सरकार बनाएंगे जनसभा में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व केंद्रीय मंत्री सतपाल महाराज आदि वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal