“लोकसभा में राहुल गांधी ने संविधान पर चर्चा करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने मनुस्मृति और सामाजिक असमानता का मुद्दा उठाते हुए सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया।”
नई दिल्ली। लोकसभा में संविधान पर चर्चा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने संविधान के महत्व और आदर्शों पर बात करते हुए बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “संविधान हमारी आवाज और विरासत का दस्तावेज है।”
RSS पर सीधा निशाना
राहुल गांधी ने आरएसएस की विचारधारा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह संगठन मनुस्मृति को संविधान से बेहतर मानता है। उन्होंने सावरकर का जिक्र करते हुए कहा कि सावरकर ने मनुस्मृति को कानून बताया था। राहुल ने कहा, “संविधान में बाबा साहेब के आदर्श निहित हैं, लेकिन बीजेपी और आरएसएस उन पर प्रहार कर रहे हैं।”
‘देश का अंगूठा काटा जा रहा है’
राहुल गांधी ने बीजेपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हर वर्ग के अधिकारों को कुचलने की कोशिश कर रही है।
- “अडानी को धारावी देकर नए उद्यमियों का अंगूठा काटा जा रहा है।”
- “अग्निवीर योजना और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का हुनर छीना है।”
- “एमएसपी के मुद्दे पर किसानों का अधिकार छीना जा रहा है।”
- उन्होंने कहा कि यह स्थिति ‘एकलव्य का अंगूठा काटने’ जैसी है, जहां मेहनती लोगों के अधिकारों को कुचला जा रहा है।
संविधान और तानाशाही पर टिप्पणी
राहुल गांधी ने कहा कि संविधान में कहीं भी तानाशाही की बात नहीं लिखी है। उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह समाज में धार्मिक और जातीय विभाजन पैदा कर रही है। राहुल ने जातीय जनगणना को आवश्यक बताते हुए कहा कि उनकी सरकार आई तो 50% आरक्षण की सीमा को तोड़ा जाएगा।
सामाजिक समानता का मुद्दा
राहुल ने यूपी का जिक्र करते हुए कहा, “उत्तर प्रदेश में मनुस्मृति लागू है, संविधान नहीं।” उन्होंने देश में बढ़ती सामाजिक असमानता पर चिंता व्यक्त की। संभल में हुई हत्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह स्थिति संविधान के आदर्शों के विपरीत है।
लोकसभा में जोरदार बहस
राहुल गांधी ने कहा कि संविधान हमारे लिए जीवन दर्शन है और उसकी रक्षा करना हर भारतीय की जिम्मेदारी है। उन्होंने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि संविधान पर बार-बार प्रहार हो रहा है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
देश-दुनिया से जुड़े राजनीतिक और सामयिक घटनाक्रम की विस्तृत और सटीक जानकारी के लिए जुड़े रहें विश्ववार्ता के साथ। ताज़ा खबरों, चुनावी बयानबाज़ी और विशेष रिपोर्ट्स के लिए हमारे साथ बने रहें।
विशेष संवाददाता – मनोज शुक्ल
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal