आजमगढ़। आजमगढ़ में वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव और उनके भतीजे पूर्व प्रमुख प्रमोद यादव के समर्थक देर रात दावत के दौरान आपस में भिड़ गए। इस दौरान दोनों पक्षों में दर्जनों राउंड फायरिंग हुई।
वहीं पुलिस मंत्री के भतीजे प्रमोद सहित नौ लोगों को हिरासत में लेकर रात करीब 12.30 बजे कोतवाली पहुंच गई थी। प्रमोद समर्थक कोतवाली पर जमे थे। उन्होंने मंत्री के दबाव में एकतरफा कार्रवाई का अरोप लगाया। वहीं जिला अस्पताल पर मंत्री समर्थकों की भीड़ जमा है।
शहर से सटे उकरौरा में शुक्रवार को मेला था। यहां मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव के समर्थक रंजीत सिंह और मंत्री के भतीजे पूर्व ब्लॉक प्रमुख के समर्थक वृजेश सिंह ने अलग अलग भंडारे का आयोजन किया था। मंत्री के पुत्र पूर्व ब्लॉक प्रमुख विजय यादव और प्रमोद यादव अपने अपने पक्ष द्वारा आयोजित भंडारे में समर्थकों के साथ शामिल थे। देर रात किसी बात को लेकर विवाद हुआ और एक पक्ष ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
इसके बाद दूसरे से भी हवाई फायरिंग शुरू हो गयी। इस दौरान दोनों पक्षों में ईंट पत्थर भी चले। पथराव में सुनीता सिंह, मालती सिंह, इन्द्रजीत यादव, पप्पू यादव और संजीत सिंह निवासी उकरौरा घायल हुए है। घटना की जानकारी होने पर एसपी ट्रैफिक हफीर्जुहमान, सीओ सिटी, शहर कोतवाल कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो पुलिस के पहुंचने के बाद मंत्री समर्थक मौके पर से चले गए। वहीं पुलिस ने प्रमोद यादव, ग्राम प्रधान वृजेश सिंह सहित नौ लोगों को हिरासत में ले लिया। उक्त लोगों को लेकर रात करीब 1 बजे पुलिस शहर कोतवाली पहुंची। प्रमोद के समर्थकों ने कोतवाली के सामने मंत्री और पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन किया।
उनका आरोप था कि मंत्री के दबाव में पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है। वहीं लखनऊ से अपने घर वापस लौटे वन मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव भी देर रात जिला अस्पताल में घायलो को देखने पहुंचे इस दौरान उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal