दिल्ली में अपराध का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। शनिवार सुबह फर्श बाजार इलाके में बदमाशों ने एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना तब हुई जब कारोबारी सुनील जैन (52) यमुना स्पोर्ट कॉम्प्लेक्स में मॉर्निंग वॉक के बाद अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे।
क्या हुआ घटनास्थल पर?
मोटरसाइकिल पर सवार दो बदमाशों ने फर्श बाजार इलाके में सुनील जैन को निशाना बनाया। चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाशों ने 6 से 7 राउंड फायरिंग की। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल सुनील जैन को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। डीसीपी शाहदरा प्रशांत गौतम ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार का केंद्र पर निशाना
घटना के बाद दिल्ली की सियासत गरमा गई है। दिल्ली सरकार में मंत्री और आप नेता सौरभ भारद्वाज ने एक्स पर लिखा, “क्राइम कैपिटल- शाहदरा जिले में सुबह ही गोलियों की आवाज गूंज उठी। बर्तन व्यापारी सुनील जैन मॉर्निंग वॉक के बाद घर लौट रहे थे, तभी बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।”
आप संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने सौरभ भारद्वाज के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए लिखा, “अमित शाह जी ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया। दिल्ली को जंगल राज बना दिया। चारों तरफ लोग दहशत में जी रहे हैं। बीजेपी से अब दिल्ली की कानून व्यवस्था नहीं संभल रही। दिल्ली वालों को एकजुट होकर आवाज़ उठानी होगी।”
कानून व्यवस्था पर उठे सवाल
यह वारदात दिल्ली में बढ़ते अपराधों की ओर इशारा करती है। विपक्ष और दिल्ली सरकार के बीच कानून व्यवस्था को लेकर आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal