नई दिल्ली। केंद्रीय खेल मंत्री विजय गोयल ने बुधवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर आईओए सुरेश कलमाड़ी और अभय सिंह चौटाला को आजीवन अध्यक्ष पद से नहीं हटाती है तो मंत्रालय आईओए से अपने सभी संबंध खत्म कर लेगा।
गोयल ने यहां पत्रकारों से कहा, मंत्रालय आईओए में भ्रष्टाचार के आरोपियों को स्वीकार नहीं करेगा और इसी कारण एक दिन पहले हुई उनकी नियुक्तियों पर हमने आपत्ति जताई है।
गोयल ने कहा, मंत्रालय एक-दो दिन में आईओए को कारण बताओ नोटिस जारी करेगा और सरकार किसी भी सूरत में इस तरह के पदों पर भ्रष्ट लोगों की नियुक्ति को स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने कहा, हम चाहते हैं कि देश के सभी खेल संघ पारदर्शी तरीके से काम करें और भ्रष्टाचार से मुक्त हों। आईओए कलमाड़ी और चौटाला को नियुक्त कर आखिर क्या संदेश देना चाहती है? एक तरफ दोनों की नियुक्ति के तत्काल बाद गोयल ने नाखुशी जता दी थी, वहीं इस तरह की चर्चा है कि कलमाड़ी ने पद स्वीकार करने से खुद ही इनकार कर दिया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal