नई दिल्ली। भाजपा के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद की पत्नी आगामी 13 नवंबर को आम आदमी पार्टी में शामिल होने जा रही हैं। इस खबर की पुष्टि आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने की।
उन्होंने बताया कि पूनम 13 नवंबर को आधिकारिक तौर पर पार्टी में शामिल हो जाएंगी। पिछले काफी समय से पूनम के आप पार्टी में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही थी।
पूनम दिल्ली बीजेपी की पूर्व उपाध्यक्ष भी रह चुकी हैं। बता दें कि इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू भी भारतीय जनता पार्टी को छोड़ चुके हैं। नवजोत सिंह के फैसले के बाद ही पूनम के आप में शामिल होने के कयास लगाए जाने लगे थे।
गौरतलब है कि DDCA में कथित घोटाले को लेकर आजाद ने फाइनेंस मिनिस्टर अरूण जेटली पर निशाना साधा था जिसके बाद उनको निलंबित किया गया था।
पूनम भाजपा की दिल्ली इकाई की प्रवक्ता और तीन बार भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य रह चुकी हैं। जुलाई में उन्होंने नवजोत सिंह के भाजपा छोड़ने का समर्थन किया था। उन्होंने कहा था कि सिद्धू जी पूरी तरह सही है।
पार्टी ने उनके साथ अन्याय किया। वह अमृतसर से कई बार जीत कर आये, देश भर में पार्टी के लिए प्रचार किया और पार्टी के दिल्ली प्रभारी थे। उसी तरह पार्टी ने कीर्ति जी के साथ नाइंसाफी की।
उस समय कीर्ति आजाद के भी आप में जाने की खबरें आई थीं। हालांकि आजाद ने इससे इनकार किया है। अपनी पत्नी के आप में जाने के सवाल पर उन्होंने कहा था कि यह उनका निजी फैसला होगा।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal