लखनऊ। केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को कहा कि देश बदलने के लिए जनता आज लाइन में लगी है। नोटबंदी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इससे परेशानी उनको है जिनके पास कालाधन है।
राजनाथ सिंह आज चंदौली में भाजपा द्वारा आयोजित युवा सम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने सीआरएफ भर्ती सेन्टर तथा मुगलसराय-चकिया नवगढ फोर लेन सड़क और मुगलसराय, चकिया नवगढ, सोनभद्र रेल लाइन की घोषणा भी की।
राजनाथ ने अपने सम्बोधन में कहा कि युवक आगे आयें और युग बदलें। नोटबंदी से परेशानी उनको है जिनके पास कालाधन है। जनता देश बदलने के लिए लाइन में लगी है।
उन्होंने कहा कि देश में बदहाली, गरीबी, बेरोजगारी के लिए पूर्ववर्ती सरकारें जिन्होंनेे आधी शताब्दी से अधिक शासन किया जिम्मेदार है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत देश इस समय तेजी से आगे बढ़ रहा है।
गृह मंत्री ने कहा कि जब मेरी सरकार उत्तर प्रदेश में थी तो किसानों के भीगे हुए धान को भी खरीदने का आदेश दे दिया था। उस समय प्रदेश में बिजली 24 घंटे रहती थी।
प्रदेश में सत्तारूढ दल विकास के बजाय एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर धान खरीद, बिजली आपूर्ति और सड़क की वर्तमान हालात के बारे में भी पूंछा।
इस अवसर पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि जब से उत्तर प्रदेश में सपा की सरकार बनी चारों तरफ हाहाकार मचा हुआ है। गुण्डों, आपराधियों का बोलबाला है।
समाज में महिलाएं असुरक्षित है और जमीनों पर सपा के कार्यकर्ता अवैध कब्जा कर रहे है। भाजपा के कार्यकताओं पर सपा सरकार फर्जी मुकदमें दर्ज कर रही है और 12017 में भाजपा की प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी तो भाजपा अपराधियों के खिलाफ मुकदमें दर्ज करायेगी तथा जो लूट, हत्या व जमीनों पर कब्जे और खनिज लूट में शामिल है सब जेल में होगें।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal