इटावा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने गुरूवार को इटावा में आयोजित संकल्प महासभा को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में दो तिहाई बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि इस समय उत्तर प्रदेश में 2014 लोकसभा चुनाव से भी बड़ा माहौल दिखाई दे रहा है। प्रदेश की जनता बड़ा परिवर्तन करने जा रही है। यह स्पष्ट दिखाई दे रहा है।
अमित शाह ने सपा के कैबिनेट मंत्री आजम खां पर टिप्पणी करते हुए कहा कि चाचा खायेगा, भतीजा खायेगा बचा तो आजम खां चाट जायेगा।
उन्होंने कहा कि आज केन्द्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार है तो उसका पूरा श्रेय उत्तर प्रदेश की जनता को जाता है। उत्तर प्रदेश की जनता ने 73 सांसद भाजपा के खाते में जिताकर भेजा है। इसलिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश को अन्य प्रदेशों से अधिक बजट देने का काम किया है।
अमित शाह ने शहीद नितिन यादव को याद करते हुए कहा कि इटावा वीरों की धरती है। नितिन यादव की धरती को और उनकी शहादत को पूरा देश प्रणाम करता है। एक समय था जब केन्द्र में सपा बसपा के सहयोग से यूपीए की सरकार थी।
देश की सीमाएं असुरक्षित थी। सेना के जवानों का सिर आतंकवादी काट कर ले जाते थे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव के समय जनता से वायदा किया था कि भाजपा सरकार आने पर हम सीमा की सुरक्षा करेंगे। आज सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक कर सेना को सम्मान दिलाने का काम मोदी सरकार ने किया है। आज भारतीय सेना की बहादुरी के किस्से पूरी दुनिया में हो रहे हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बृजेश पाठक परिवर्तन के लिए भाजपा में आये हैं। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश में 2012 से आ रहे हैं। हमें चप्पे -चप्पे की जानकारी है। इस मौके पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद राम शंकर कठेरिया, अशोक दोहरे, विजय बहादुर पाठक,मानवेन्द्र सिंह और संतोष सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal