लखनऊ: लंबे समय से फरार चल रहे शाइन सिटी के प्रेसिडेंट रवि कांत तिवारी को गोमती नगर पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। 1 लाख रुपये के इनामी तिवारी पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की ठगी और फर्जीवाड़े का आरोप है।
शाइन सिटी मामले में ठगी और फर्जीवाड़े के 550 से अधिक मुकदमे केवल गोमती नगर थाने में दर्ज हैं। इसके अलावा ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा) इस घोटाले से जुड़े 455 मामलों की जांच कर रही है।
10 लाख से अधिक लोग बने ठगी के शिकार
शाइन सिटी मामले में देशभर के 10 लाख से अधिक लोग ठगी का शिकार हुए हैं। आरोप है कि कंपनी ने लोगों को फर्जी प्रोजेक्ट्स में निवेश का लालच देकर उनकी गाढ़ी कमाई हड़प ली।
मुख्य आरोपी राशिद नसीम दुबई में फरार
इस घोटाले का मुख्य आरोपी राशिद नसीम पहले ही देश छोड़कर दुबई फरार हो चुका है। उसके भाई आसिफ समेत 63 से अधिक लोगों पर गंभीर आरोप लगे हैं। पुलिस और ईओडब्ल्यू लगातार इन आरोपियों की धरपकड़ में जुटी है।
प्रेसिडेंट रवि कांत तिवारी की गिरफ्तारी बड़ी कामयाबी
गोमती नगर पुलिस की यह कार्रवाई शाइन सिटी घोटाले की जांच में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तिवारी से पूछताछ के बाद इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
शाइन सिटी घोटाले ने पूरे देश को हिला कर रख दिया है। 60 हजार करोड़ रुपये की ठगी ने आर्थिक अपराधों के मामलों में इसे सबसे बड़े घोटालों में से एक बना दिया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal