लखनऊ। उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के अध्यक्ष मोहसिन रजा का तीन साल का कार्यकाल समाप्त हो गया है। इसके साथ ही उन्हें अध्यक्ष के तौर पर दी गई तमाम सुविधाएं भी वापस ले ली गई हैं।
मोहसिन रजा लगातार दूसरी बार राज्य हज समिति के अध्यक्ष बने थे। उन्हें 23 दिसंबर 2021 को तीन साल के कार्यकाल के लिए नियुक्त किया गया था।
अब मोहसिन रजा केवल हज कमिटी ऑफ इंडिया में उत्तर प्रदेश के सदस्य के तौर पर कार्यरत रहेंगे। इस पद पर उनका कार्यकाल 31 मार्च 2025 तक है।
हज समिति ने शासन को पत्र लिखकर नए अध्यक्ष की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू करने की अपील की है। इसके बाद शासन स्तर पर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के नए अध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया जल्द ही शुरू होने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, नए अध्यक्ष के चयन के लिए शासन स्तर पर गहन मंथन किया जा रहा है। हज समिति के अध्यक्ष के पद पर नियुक्ति के लिए कई नामों पर चर्चा हो रही है, लेकिन अंतिम निर्णय जल्द ही लिया जाएगा।
राज्य हज समिति का अध्यक्ष पद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वाला है, जो हज यात्रियों की व्यवस्थाओं और सुविधाओं के प्रबंधन में अहम भूमिका निभाता है। अब देखना होगा कि यह जिम्मेदारी किसे सौंपी जाती है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal