फिरोजाबाद। थाना फरिहा के गांव ललऊआ में एक पिता पर पुत्री की हत्या करने का आरोप लगाते हुये उसके नाना ने थाने में आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। हत्या के एक सप्ताह बाद भी आरोपी पुलिस पकड से बाहर है।
थाना लाइनपार के गांव बासदेवपुर निवासी कायम सिंह पुत्र मुरारी लाल ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक को दिये गये शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसने अपनी पुत्री राधा की शादी बीस वर्ष पूर्व रामनाथ पुत्र महावीर सिंह ललऊआ फरिहा के साथ की थी।
राधा को एक पुत्र वीरभान व एक पुत्री विमलेश पैदा हुई। आरोप है कि शादी के छह सात साल बाद ससुरालीजन राधा को प्रताडित करने लगे। जिसके बाद राधा अपने पुत्र बीरभान के साथ मायके में आकर रहने लगी।
राधा की पुत्री विमलेश को उसका पति रामनाथ अपने साथ रखता था। 28 दिसम्बर को ग्रामीणों ने फोन कर बताया कि विमलेश की हत्या कर दी है। कायम सिंह गांव ललऊआ पहुंचा तो पता चला कि विमलेश की हत्या उसके पिता रामनाथ ने की है।
मृतक के नाना कायम सिंह ने थाने में विमलेश की हत्या का आरोप रामनाथ पर लगाते हुये तहरीर दी। पुलिस ने रामनाथ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
मामला दर्ज होने के 10 दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी रामनाथ की गिरफ्तारी न होने से उसने पुलिस अधीक्षक से गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस अधीक्षक ने कार्यवाही का आश्वासन दिया है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal