नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर नोटबंदी को व्यापक तौर पर पेश किया।
उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी ने कांग्रेस और अन्य दलों का ‘‘गरीब समर्थक” मुद्दा छीन लिया है। शाह ने यह दावा भी किया कि गरीब अब पीएम मोदी का समर्थन कर रहे हैं।
अमित शाह ने यह स्पष्ट किया कि नियंत्रण रेखा के पार लक्षित हमले के साथ ही नोटबंदी पार्टी के लिए दो प्रमुख प्रचार के मुद्दे होंगे। उन्होंने दोनों को ‘‘ऐतिहासिक” बताते हुए दावा किया कि नोटबंदी के निर्णय के परिणामस्वरुप और अधिक राजस्व प्राप्त होगा जिसे गरीबों के लिए कल्याणकारी योजनाओं पर खर्च किया जाएगा।
शाह ने पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में अपने स्वागत संबोधन में नोटबंदी की आलोचना करने वाले अपने प्रतिद्वंद्वियों पर निशाना साधा और कहा कि वे पहले सवाल करते थे कि सरकार ने कालेधन के खिलाफ क्या किया है और वे अब पूछ रहे हैं कि उसने ऐसा निर्णय क्यों किया।
शाह ने कहा, ‘‘उनके क्या से क्यों की ओर मुड़ जाने से वे बेनकाब हो गए हैं। ” उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में होने वाले विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करेगी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal