आगरा, 23 अप्रैल। पहली बार भारत यात्रा पर आए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस बुधवार को अपने परिवार संग ताजमहल के दीदार के लिए आगरा पहुंचे। उत्तर प्रदेश सरकार ने उन्हें राज्य अतिथि का दर्जा दिया है। आगरा एयरफोर्स स्टेशन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं पुष्पगुच्छ देकर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
Read It Also:- योग है जीवन का अध्ययन: रायबरेली में निःशुल्क योग शिविर में साधकों को मिला आत्मिक अनुभव
सुबह 9:15 बजे, जेडी वेंस अपने विशेष राजकीय विमान से आगरा के टेक्निकल एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी ने उनके साथ उनकी पत्नी और बच्चों का भी स्वागत किया। स्वागत से अभिभूत जेडी वेंस ने मुख्यमंत्री योगी का आभार व्यक्त किया और सीधे ताजमहल के लिए रवाना हो गए।
ताजमहल जाने के मार्ग पर स्कूली बच्चों ने हाथ हिलाकर, भारत और अमेरिका के राष्ट्रीय ध्वज लहराकर अमेरिकी अतिथि का स्वागत किया।
अमेरिकी उपराष्ट्रपति के स्वागत को लेकर आगरा शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया। एयरपोर्ट से लेकर ताजमहल तक के पूरे रास्ते पर विशेष रंगोली, सेंड आर्ट, चौराहों पर सजावट, बैनर-होर्डिंग लगाए गए।
करीब 12 किलोमीटर लंबे रूट पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने बीते तीन दिनों से पूरे मार्ग पर सुरक्षा का जायजा लिया और जहां-जहां से काफिला गुजरा, वहां जीरो ट्रैफिक जोन घोषित किया गया।
शहर के शिल्पग्राम क्षेत्र में भी विशेष सजावट और गतिविधियां आयोजित की गईं, जिससे अमेरिकी मेहमान भारत की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव कर सकें।