लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय ने इंदिरा फेलोशिप कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इससे महिलाओं को राजनीतिक क्षेत्र में सशक्त बनाने का अवसर मिलेगा।
अजय राय ने कहा कि यह कार्यक्रम पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की स्मृति में महिलाओं को राजनीतिक सशक्तिकरण के लिए शुरू किया गया है। कांग्रेस ने हमेशा महिलाओं को शासन के विभिन्न क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने बताया कि इंदिरा फेलोशिप शक्ति अभियान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जो उन महिलाओं के लिए मंच प्रदान करता है, जो अपने समुदायों में स्थायी प्रभाव डालने की आकांक्षा रखती हैं।
यह भी पढ़ें: एसडीएम और सीओ ने घर में मारा छापा,गोला बारूद बरामद
इस अवसर पर, राय ने कहा कि पिछले एक वर्ष में 300 से अधिक फेलो ने 28 राज्यों और 350 ब्लॉकों में 4300 शक्ति क्लब स्थापित किए हैं, जिनमें 31000 सदस्य शामिल हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी जिक्र किया, जिन्होंने महिलाओं से राजनीति में अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।
राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए, अजय राय ने वर्तमान कानून व्यवस्था को कमजोर बताते हुए कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम है। उन्होंने अमेठी में एक परिवार की नृशंस हत्या का उदाहरण देते हुए कहा कि यह स्थिति बेहद डरावनी है।
राय ने योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए नफरत की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने प्रदेश में हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal