मेरठ। लखनऊ के महापौर और भाजपा के वरिष्ठ नेता दिनेश शर्मा ने कहा कि सपा की सरकार पारिवारिक कलह से जूझ रही है। ऐसे में जनता अब भाजपा को सत्ता सौंपने का मन बना चुकी है। 2017 के चुनावों में यूपी में भाजपा की ही सरकार बनेगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पारिवारिक कलह से इतने ही व्यथित है तो इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतर आए।
रविवार को मेरठ पहुंचे लखनऊ के महापौर दिनेश शर्मा ने कहा कि समाजवादी पार्टी के नेता मुगलों की तरह लड़ रहे हैं। इससे प्रदेश का विकास बाधित हो रहा है। यह स्थिति प्रदेश के लिए ठीक नहीं है।
अगर कलह से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इतने व्यथित है तो उन्हें अपने पद से इस्तीफा देकर चुनाव मैदान में उतर आना चाहिए। भाजपा ने हमेशा विकास की बात की है और उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने के बाद प्रदेश का चहुुंमुखी विकास कराया जाएगा। केंद्र सरकार ने विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं।
भाजपा नेता ने तीन तलाक से जुड़े सवाल पर कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने अपना पक्ष सुप्रीम कोर्ट में रख दिया है। भाजपा मुस्लिमों को पढ़ता-लिखता देखना चाहती है। मुस्लिम युवाओं के एक हाथ में कुरान और दूसरे कंप्यूटर देना चाहती है, लेकिन कुछ राजनीतिक दल इस संवेदनशील मुद्दे पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
समान नागरिक संहिता पर विधि आयोग अपना काम कर रहा है। तीन तलाक का मुद्दा समान नागरिक संहिता से जुड़ा नहीं है। इस मौके पर सांसद राजेंद्र अग्रवाल, जिलाध्यक्ष शिवकुमार राणा, महानगर अध्यक्ष करूणेश नंदन गर्ग, कमलदत्त शर्मा, नरेंद्र राष्ट्रवादी, गजेंद्र शर्मा आदि मौजूद थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal