फैजाबाद। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव द्वारा की गयी कार्यवाही का रिएक्शन पार्टी में दिखने लगा है। पार्टी के युवा संगठन ने बगावत करते हुये अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। यूथ विंग के चारों प्रदेश अध्यक्षों की बर्खास्तगी के बाग यूथ विंग की प्रदेश जिला एवं नगर ईकाईयों ने भी बगावत करते हुये अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। समाजवादी युवजन सभा के जिलाध्यक्ष अनूप सिंह ने इस्तीफा दिया तो वहीं लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव विवेक मिश्र ने भी अपना त्यागपत्र दे दिया। लोहिया वाहिनी के जिलाध्यक्ष शैलेन्द्र यादव, मुलायम यूथ बिग्रेड के जिलाध्यक्ष एजाज अहमद, समाजवादी छात्रसभा के जिलाध्यक्ष विनय मौर्या ने भी अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
सयुस जिलाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह अनूप की अगुवाई में जिला व नगर ईकाई ने मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा भेज दिया है। युवजन सभा के जिला सचिव महेन्द्र शुक्ला, जिला सचिव डाॅ.विनोद मिश्रा, नगर अध्यक्ष अयोध्या शक्ति जायसवाल ने अपने पदों से इस्तीफा दिया है। वहीं लोहिया वाहिनी के प्रदेश सचिव विवेक मिश्र के निर्देशन में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव में अपनी आस्था जताते हुये मुख्यमंत्री को इस्तीफा भेजा है। प्रदेश सचिव श्री मिश्र ने कहा कि हमारी आस्था मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ है, उनके नेतृत्व के अलावा किसी अन्य के साथ काम करना हमें मंजूर नहीं है। श्री मिश्र ने कहा कि जिस संगठन में यूथ का सम्मान नहीं है वहां रहना हमें अस्वीकार है। इसी के साथ लोहिया वाहिनी के अयोध्या नगर अध्यक्ष सुल्तान अंसारी ने भी अपने साथियों के साथ इस्तीफा दे दिया हैं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal