आइजॉल। भाजपा की मिजोरम इकाई ने सोमवार को मुख्यमंत्री ललथनहावला की एक टिप्पणी पर जवाबी प्रहार किया। पार्टी ने कहा कि उन्हें (ललथनहावला) पता होना चाहिए कि ईसाई बहुल राज्य में भाजपा दिन प्रतिदिन मजबूत हो रही है। भाजपा ने कहा कि पूर्वोत्तर में कांग्रेस ने सालों तक राज किया है, लेकिन वह क्षेत्र में वास्तविक विकास करने में असफल रही। भाजपा आगे बढ़ रही है क्योंकि लोग विकास चाहते हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री ललथनहावला ने शुक्रवार को कहा था कि भाजपा पूर्वोत्तर क्षेत्र में व्यापक अभियान शुरू करने की योजना बना रही है, इसके लिए गुवाहाटी में एक समिति का गठन किया गया है। हालांकि उन्होंने (भाजपा) मिजोरम में अभियान की घोषणा नहीं की क्योंकि वह जानते हैं कि यह ईसाई बहुल राज्य है।
उन्होंने कहा, ऐसा लगता है कि भाजपा ने ईसाई बहुल मेघालय में अपनी पैठ बना ली है और अरुणाचल प्रदेश में भी उन्होंने सेंध लगा ली है। अब वे सोचते हैं कि मणिपुर उनके लिए बहुत मुश्किल नहीं होगा। ललथनहावला (प्रदेश कांग्रेस कमेटी के भी प्रमुख) ने कहा था कि अगर राजनीतिक ध्रुवीकरण जारी रहा तो भाजपा नगालैंड में भी अपनी पैठ बना सकती है।