लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस पार्टी खड़ी हो चुकी है। हर विधानसभा में कांग्रेस दिखाई दे रही है। पार्टी का हर कार्यकर्ता उत्साहित है।
इसलिए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी किसी भी दल से गठबंधन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बाहुबल, धनबल और जाति बल के खिलाफ जनबल से महागठबन्धन करेगी। यह बातें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजबब्बर ने शनिवार को लखनऊ के होटल ताज में आयोजित एक कार्यक्रम में कही।
कांग्रेस नेता राजबब्बर ने 500 और 1000 के नोट बंद करने के फैसले की तीखी आलोचना करते हुए इसे आरबीआई गर्वनर के संवैधानिक अधिकारों का अतिक्रमण बताया। उन्होंने कहा कि तीन घंटे में नमक गायब हो जाता है। यह क्या धनबल का इस्तेमाल नहीं है।
राहुल गांधी को अध्यक्ष बनाये जाने के सवाल के बारे में उन्होंने कहा कि फिलहाल पार्टी के सामने तीन राज्यों का चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है। पार्टी अपने संविधान के मुताबिक राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाये जाने का फैसला करेगी।
युवा मुख्यमंत्री के प्रदेश में शीला दीक्षित को सीएम चेहरा बनाए जाने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि कुछ पार्टियां चेहरा दे देती हैं और कुछ ढूंढते रहते हैं। गुजरात-दिल्ली से चुनाव लड़ रहे हैं। हकीकत यह है कि 27 साल पहले प्रदेश में जो चीनी मिल और सूत मिल लगी थी आज उनकी क्या हालत है ?
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal