लखनऊ। उत्तर प्रदेश से हज यात्रियों का पहला जत्था बुधवार को रवाना हो गया। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हज हाउस में हरी झंडी दिखाकर उन्हें रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने हज यात्रियों से देश और समाज के लिए भी दुआ मांगने को कहा। मुख्यमंत्री आज सुबह करीब सात बजे अमौसी स्थित हज हाउस पहुंचे। हज पर जाने के लिए सभी यात्री पहले ही हज हाउस पहुंच चुके थे। यात्रियों के साथ उनके परिवारीजन भी थे।
अखिलेश यादव ने पहले सभी हज यात्रियों को बधाई दी और उन लोगों से अनुरोध किया कि हज के दौरान वे अपने परिवार के साथ-साथ देश और समाज के लिए भी दुआ मांगे। उन्होंने कहा कि आप सब हज पर जा रहे हो तो अपने साथ-साथ देश और समाज के लिए भी दुआ मांगना। भारत ही दुनिया का एक ऐसा देश है जहां सभी धर्मों के लोग एक साथ रहते हैं। ऐसे में आप लोग दुआ मांगना कि हमारे देश की यह परम्परा और भाईचारा बरकरार रहे। इसके बाद मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर हज यात्रियों के पहले जत्थे को रवाना किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के अलावा प्रदेश के हज व नगर विकास मंत्री मो0 आजम खान और कई मुस्लिम धर्म गुरु मौजूद रहे। लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे से हज के लिए अब अब प्रतिदिन तीन उड़ाने रवाना होगी। हर उड़ान में 300 हज यात्री रहेंगे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal