अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के क्यूरियोसिटी रोवर ने मंगल ग्रह की वीरा रुबिन पर्वतश्रेणी पर अपना मिशन खत्म कर लिया है। रोवर ने सेल्फी लेकर पर्वतश्रेणी पर अपने मिशन को अलविदा कहा। लाल ग्रह के दूसरे हिस्से की पड़ताल करने के लिए यह रोवर अब माउंट शार्प की ओर बढ़ रहा है। इस क्षेत्र में चिकनी मिट्टी बहुतायत में है। खगोलविदों का कहना है कि उसमें मौजूद खनिजों का विश्लेषण कर प्राचीन समय में मंगल पर मौजूद झीलों के बारे में जानकारी मिल सकती है।
नवंबर, 2011 में लांच किया गया यह रोवर अगस्त, 2012 में लाल ग्रह पर उतरा था। तब से यह वहां जीवन की संभावनाओं का पता लगा रहा है। कार के आकार का यह रोवर सितंबर, 2017 में वीरा रुबिन पर पहुंचा था। एक साल से भी लंबे मिशन के दौरान इस रोवर ने वहां कई महत्वपूर्ण खोज कीं। क्यूरियोसिटी ने माउंट शार्प की ओर बढ़ने से पहले गत 15 जनवरी को अपने मार्स हैंड लेंस इमेजर कैमरे की मदद से 57 तस्वीरें उतारी थीं। इन्हीं तस्वीरों को मिलाकर सेल्फी तैयार की गई है। इसमें रॉक हॉल से नमूने लेने के लिए किया गया गड्ढा भी नजर आ रहा है। नासा का कहना है कि धूल भरी आंधी के कारण तस्वीर थोड़ी धुंधली नजर आ रही है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal