लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को सपा के प्रदेश अध्यक्ष और अपने चाचा शिवपाल को एक बार फिर झटका दिया। उन्होंने शिवपाल के नापसंद व्यक्ति को राज्य मंत्री का दर्जा दे दिया है।
बीते दिनों सपा के रजत जयंती समारोह में शिवपाल ने जावेद आबिदी को मंच से धक्का देकर हटा दिया था। मुख्यमंत्री ने उसी आबिदी को आज सिंचाई विभाग में सलाहकार नामित कर उन्हें राज्य मंत्री का दर्जा दे दिया।
सपा सूत्रों के अनुसार जावेद आबिदी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी हैं। बीते पांच नवम्बर को सपा के रजत जयंती कार्यक्रम में वह मंच पर आकर अखिलेश के समर्थन में नारे लगा रहे थे तो शिवपाल ने उन्हें धक्का देकर मंच से हटा दिया था। घटना के बाद शिवपाल ने कहा था कि पार्टी में घुसपैठियों से सावधान रहने की जरूरत है।
गौरतलब है कि जावेद आबिदी को मुख्यमंत्री ने 2014 में भी प्रदूषण बोर्ड का अध्यक्ष बनाकर राज्य मंत्री का दर्जा दिया था, लेकिन भ्रष्टाचार के मामले को लेकर साल भर के अंदर ही उन्हें बर्खास्त कर दिया था। इस मामले में बोर्ड के सचिव जेएस यादव भी बर्खास्त किये गये थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal