गुरुग्राम से सटे तावडू स्थित आइटीसी ग्रैंड भारत रिजॉर्ट में मंगलवार को कर्नाटक के भाजपा विधायकों ने क्रिकेट और गोल्फ खेलकर तनाव दूर किया। पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने विधायकों के साथ लंच किया। खेल के बाद रिजॉर्ट में भाजपा के 104 विधायकों के साथ अलग-अलग कमरों में गुफ्तगू भी होती रही। रिजॉर्ट में येदियुरप्पा के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार, भाजपा सांसद शोभा किरंदजले और पूर्व सांसद श्रीरामलू मौजूद रहे। इन्होंने भाजपा विधायकों के साथ हॉल में बैठक भी की। कुछ विधायक दोपहर के वक्त रिजॉर्ट में टहलते भी नजर आए। रिजॉर्ट के अंदर उन्हीं लोगों को जाने दिया जा रहा था, जिन्हें प्रबंधन की ओर से अनुमति दी जाती थी। मीडियाकर्मी भी रिजॉर्ट को जाने वाली सड़क पर शाम तक जमे रहे। देर रात भाजपा अध्यक्ष अमित शाह भी रिजॉर्ट आए थे। वहीं, बुधवार सुबह कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रिजॉर्ट के बाहर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तरह-तरह के बैनर-पोस्टर ले रखे थे। 
अपना पक्ष मजबूत कर विपक्ष का किला भेदने की तैयारी में भाजपा
बताया जा रहा है कि एक विशेष रणनीति के तहत ही भाजपा ने यहां पर सभी विधायकों का रखा गया है। अपना किला मजबूत कर दूसरे के किले को भेदने के लिए गुरुग्राम से ही खास प्लान बन सकता है। दिल्ली व हरियाणा के भाजपा नेताओं को भी यहां से दूर रखा गया है।
बता दें कि भाजपा के सभी विधायक सोमवार शाम अलग-अलग वाहनों में यहां पहुंचे थे। बात सामने आई थी कि भाजपा नेताओं के संपर्क में कांग्रेस के साथ-साथ जेडीएस के भी कुछ विधायक यहां पहुंचे हुए हैं। वहीं, देर रात पहुंची भाजपा विधायक पूर्णिमा एवं शशिकला से इस बात से इनकार करते हुए कहा था कि सभी विधायक लोकसभा चुनाव में प्रदेश का संगठन कैसे काम करे, इस बात का मंथन करने के लिए हम सभी यहां आए हैं।
वहीं सियासी चर्चा यह भी है कि कर्नाटक में जेडीएस व कांग्रेस की गठबंधन सरकार से दोनों पार्टियों के ही कुछ विधायक नाराज चल रहे हैं। बता दें कि कर्नाटक की गठबंधन सरकार के पास बड़ा बहुमत नहीं है। 13 विधायकों ने अपनी-अपनी पार्टी से इस्तीफा दिया तो भाजपा सरकार बना सकती है। भाजपा नेता पहले ही कर्नाटक सरकार के कामकाज पर सवाल खड़ा कर सरकार गिरने की संभावना जता चुके हैं।
मुंबई में कर्नाटक के विधायकों वाले होटल की कड़ी सुरक्षा
मुंबई के जिस लक्जरी होटल में कर्नाटक के कुछ कांग्रेस विधायक ठहरे हुए हैं, उसमें मंगलवार को मीडियाकर्मियों ने घुसने की कोशिश की। लेकिन कोई भी इसमें सफल नहीं हो सका। इसके बाद होटल की सुरक्षा बढ़ा दी गई।
बताते हैं कि उक्त होटल में केपीजेपी और निर्दलीय विधायक के अलावा चार कांग्रेस विधायक भी ठहरे हुए हैं। कई पत्रकार और कांग्रेस कार्यकर्ता होटल के आसपास घूमते हुए नजर आए ताकि उन्हें कांग्रेस के ‘लापता’ विधायकों की कुछ खोज खबर मिल सके। संभावना जताई जा रही थी कि कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार होटल का दौरा कर सकते हैं, लेकिन वह नहीं आए।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal