बीजिंग। चीन में चक्रवात नेपार्तक के कहर के चलते पांच और लोगों के लापता होने की खबर है। इस चक्रवात के कारण देश की कई उड़ानें और रेल सेवाएं भी बाधित हुई हैं। चक्रवात नेपार्तक अब तक एक हजार से ज्यादा मकानों को तबाह कर चुका है और 4.28 लाख से ज्यादा लोगों के सुरक्षित स्थानों पर जाने की वजह बन चुका है। इस मौसम का सबसे पहला चक्रवात नेपार्तक फुजियन प्रांत के शिशी शहर में दोपहर एक बजकर 45 मिनट पर पहुंचा। इस दौरान करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएँ चल रही थी। स्थानीय बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों के अनुसार प्रांतीय राजधानी फुक्षोउ समेत छह शहरों से कुल 4,28,800 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।
चक्रवात के असर के चलते चीन की चार काउंटी में 282 मिमी से 405 मिमी बारिश हुई और अन्य 21 काउंटी में 100 मिमी से 200 मिमी के बीच बारिश होने की खबर है। बाढ़ के पानी के कारण खेत, गांव और यहां तक कि शहरी इलाके तथा सडकें भी पूरी तरह जलमग्न हो गई हैं। पांच लोगों के लापता होने की जानकारी शनिवार को दर्ज कराई गई। बाढ़ नियंत्रण अधिकारियों के अनुसार इस चक्रवात के आने से पहले बाढ़ के कारण विभिन्न प्रांतों में 164 लोगों के मारे जाने और 31 अन्य के लापता होने की खबर थी। सरकारी सूत्रों के अनुसार देश के पांच हवाईअडडे बंद कर दिए गए हैं जिसके कारण करीब 400 उड़ानें रदद हुई हैं। 341 हाईस्पीड ट्रेनें और लगभग 5,000 बसें भी चक्रवात के कारण रदद कर दी गईं।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal