लखनऊ। वृक्षारोपण से मौसम परिवर्तन के खतरों से आसानी से बचा जा सकता है। यह बात सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार को यूपीडब्ल्यूएसआरपी परियोजना पैक्ट परिसर में वृक्षारोपण करने के बाद सिंचाई विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्बोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आज विश्व जलवायु परिवर्तन के खतरों से जूझ रहा है। इस समस्या के निराकरण के लिए वैज्ञानिकों का भी यही मानना है, कि प्राकृतिक असंतुलन के कारण बाढ़, सूखा आदि प्राकृतिक आपदायें आती हैं। इनके समाधान का सुगम साधन है, पर्यावरण संरक्षण। वृक्षारोपण से पर्यावरण संतुलित होता है। पर्यावरण की सुरक्षा करना हम सबका नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण असंतुलन को नियंत्रित करने के लिए वृक्षारोपण काफी कारगर है। अधिक से अधिक संख्या में पौधे रोपित कर जनमानस को इसमें भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। वृक्षों की संख्या दिनोदिन कम होती जा रही है। इससे पर्यावरण असंतुलन बढ़ रहा है। पैक्ट के तकनीकी सलाहकार केके जैन ने मंत्री का स्वागत किया तथा मुख्य अभियन्ता पैक्ट ने परियोजना की प्रगति से अवगत कराया। इस अवसर पर मंत्री की प्रेरणा से पैक्ट के मीडिया विशेषज्ञ, अधिकारियों, कर्मचारियों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण करने की शपथ ली।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal