लखनऊ। एटा में जहरीली शराब पीने से मौतों का सिलसिला अभी थमा भी नहीं था कि राजधानी के नरही इलाके में प्रसाद खाने से दो बच्चे और 14 महिलाएं बीमार हो गई। जिसके बाद उनको सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ की हालत गम्भीर है। बताया जा रहा है कि पूजा-पाठ के बाद प्रसाद के रूप में बांटे गयी खाद्या सामग्री से लोग बीमार पड़े हैं। नरही इलाके के कृष्णदेव मंदिर के पास रहने वाले अतुल कुमार गुप्ता के घर में सोमवार को पिन्नी की पूजा था। जिसमें लोगों को प्रसाद के रूप में खोये और चावल की मिठाई मिलाकर खिलायी जाती है। पूजा पूरी होने के बाद लोगों को ये मिठाई प्रसाद के रूप में बांटी गयी। मिठाई खाने के कुछ समय बाद लोग अचानक उलटी करने लगे। 14 महिलाओं और दो बच्चों की खराब हालत देखकर उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि पिन्नी की पूजा को लेकर गुप्ता परिवार ने क्षेत्र की कुछ महिलाओं को पूजा में घर बुलाया था। पूजा समाप्त होने के बाद महिलाओं में प्रशाद वितरण किया गया जिसको खा कर कुछ देर तो सब ठीक रहे लेकिन करीब आधा घंटा बीतते ही अपने-अपने घर पहुंची महिलाओं की अचानक तबियत बिगडऩे लगी। महिलाएं घर में ही उलटियां करने लगी जिसके बाद क्षेत्र के आस-पास के घरों में भी उलटी की खबर आते ही लोगों में खलबली मच गई। आनन-फानन में सभी महिलाओं को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां तकरीबन आधे घंटे सभी को चिकित्सीय निगरानी में रखने के बाद सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है। अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आशुतोष कुमार दुबे ने बताया कि फि लहाल घबराने की कोई बात नहीं है। सभी मरीजों की हालत ठीक है।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal