शिमला। भाजपा का रविवार को कुल्लू में कार्यकर्ता महासम्मेलन होने जा रहा है। इसमें आठ साल पहले भाजपा से ही छिटक कर अलग हुए महेश्वर सिंह की भाजपा में वापसी होगी। हिमाचल लोकहित पार्टी (हिलोपा) प्रमुख व कुल्लू से विधायक महेश्वर सिंह पहले पार्टी की भाजपा में विलय की घोषणा कर चुके हैं जबकि हिलोपा के एक गुट ने भाजपा मेंं शामिल होने से मना कर दिया है।महेश्वर सिंह की घर वापसी को लेकर उनके समर्थकों में खुशी का माहौल है लेकिन भाजपा में महेश्वर के विरोधी नाखुश नजर आ रहे हैं। महेश्वर विरोधियों में इस बात का डऱ है कि महेश्वर सिंह के भाजपा में आने से उनकी संगठन के भीतर पकड़ कम होगी और महेश्वर सिंह संगठन में अपनी पकड़ बनाएंगे, जिससे वे हाशिए पर चले जाएंगे।महेश्वर सिंह की भाजपा में वापसी को लेकर जिस तरह से हाईकमान से ही आदेश हो रहे हैं और स्थानीय नेताओं के साथ इस संदर्भ में किसी भी तरह की चर्चा नहीं की जा रही है, उससे स्थानीय भाजपा नेताओं के चेहरे पर मायूसी साफ दिखाई देने लगी है।वहीं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपालस सिंह सत्ती यह साफ कर चुके हैं कि महेश्वर सिंह भाजपा में एक साधारण सदस्य के रूप में आएंगे। कुल्लू जिला में पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, पदाधिकारी राम सिंह और महेश्वर सिंह के बीच हमेशा छत्तीस का आंकड़ा रहा है। यहां तक कि 2007 के विधानसभा चुनावों में महेश्वर सिंह को टिकट तक भी नहीं दिया गया था।भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा के सभी बड़े नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है जिसमें नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल, केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती प्रमुख हैं।गौरतलब है कि 2012 में भाजपा से अलग हुए महेश्वर सिंह ने हिमाचल लोकहित पार्टी का गठन किया था। हिलोपा को 2012 के चुनावों में मात्र एक ही सीट मिली थी।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal