रियो डी जेनेरियो। भारतीय ओलम्पिक दल का ओलम्पिक खेल गांव में औपचारिक तौर पर स्वागत किया गया। यह समारोह कुल 45 मिनट तक चला जिसमें भारतीय दल के तकरीबन आधे सदस्य मौजूद थे। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष एन. रामचन्द्रन और चीफ डी मिशन राकेश गुप्ता ने खेल गांव की मेयर एवं दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता जानेथ आर्केन को दो तोहफे दिए। इसमें एक चांदी के हाथियों का जोड़ा और दूसरा सोने की मोर था, जिसमें आईओए का लोगो लगा था।
समारोह में भारतीय दल और बहामास, बुर्किना फासो, गांबिया और नार्वे के दलों का स्वागत किया गया। इन सभी राष्ट्रों का ध्वज फहराया गया और उनके राष्ट्रगान भी गाए गए। समारोह की शुरुआत ब्राजील के आदिवासी नृत्य से हुई जिसके बाद यहां ब्राजील की धुनें पेश की गईं जिसमें फोररो, साम्बा और बोसा नोवा शामिल हैं। ब्राजील के दिवगांत संगीतकार राउल सेइजाक्स और टिम माइया का संगीत भी बजाया गया। ओलम्पिक में भारत का अब तक का सबसे बड़ा दल गया है जिसमें 15 खेलों के 120 खिलाड़ी शामिल हैं। पिछले लंदन ओलम्पिक-2012 में भारत ने छह पदक अपने नाम किए थे जिसमें दो रजत और चार कांस्य पदक शामिल थे।
Vishwavarta | Hindi News Paper & E-Paper National Hindi News Paper, E-Paper & News Portal